पुलिस के अनुसार, पीड़ित ने थाने में दी रिपोर्ट में बताया कि उसकी तीन नाबालिग भतीजियां सरकारी स्कूल में पढ़ने जाती हैं। आरोप है कि तीनों बदमाश आए दिन बाइक से बच्चियों का पीछा करते थे और उनके साथ छेड़छाड़ करते हुए अश्लील टिप्पणियां करते थे।
बच्चियों के चाचा ने जब आरोपियों की इन हरकतों का विरोध किया तो बदमाश उनसे रंजिश रखने लगे। इसी विवाद के चलते आरोपियों ने पीड़ित को निशाना बनाया।
पीड़ित के मुताबिक, बुधवार सुबह करीब 11 बजे वह बाइक से गांव से बाहर जा रहा था। इसी दौरान बाइक पर सवार होकर आए तीन बदमाशों ने उसकी बाइक को जोरदार लात मारकर गिरा दिया। इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ लात-घूंसों से बेरहमी से मारपीट की और धमकियां दीं।
पीछे से आ रहे ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव किया और पीड़ित को बदमाशों के चंगुल से बचाया।
मारपीट की घटना के कुछ देर बाद आरोपी डंपर लेकर गांव पहुंच गए। आरोप है कि बदमाश हथियार लहराते हुए आए और पीड़ित को सामने देखकर डंपर से कुचलने की कोशिश की। जान बचाने के लिए पीड़ित बाइक छोड़कर वहां से भागा।
इसके बाद आरोपियों ने डंपर से उसकी बाइक को कई बार कुचल दिया। इस दौरान बदमाशों ने गांव के मोहल्ले में तीन राउंड हवाई फायरिंग भी की, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
वारदात के दौरान आरोपियों ने पीड़ित को जान से मारने की धमकी दी और डंपर लेकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने पीपाड़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.