झंवर थाना पुलिस को दी रिपोर्ट में मेहलावास निवासी दिनेश पुत्र आमाराम ने बताया कि 10 नवंबर को शाम करीब 5 से 7 बजे के बीच एक युवक उनके घर के बाड़े में ताक-झांक कर रहा था। पूछने पर उसने अपनी भैंस गुम होने और उसे तलाश करने की बात कही। युवक ने खुद को धवा की तरफ का रहने वाला बताया।
रिपोर्ट के अनुसार, करीब एक घंटे बाद घर से लगभग 200 मीटर दूर खेत की मेड़ पर आग लगा दी गई। परिवार के सदस्य आग बुझाने के लिए वहां पहुंचे। इसी दौरान एक युवक घर में घुस गया, जबकि उसका साथी स्प्लेंडर बाइक लेकर बाहर खड़ा रहा।
घर में मौजूद दिनेश की मां जब कमरे में पहुंचीं तो उन्हें अंदर से आवाज सुनाई दी। उन्होंने शोर मचाया तो कमरे में घुसा युवक भागने लगा। इस दौरान महिला ने लाठी से आरोपी पर दो वार भी किए, लेकिन वह बचकर भागने में सफल रहा।
महिला ने घर में घुसे युवक की पहचान नरपत पूनिया पुत्र चंदाराम निवासी रोहिचा कल्ला के रूप में की है।
परिवाद के मुताबिक, आरोपी ने कमरे में रखी दो अलमारियों में से एक का ताला तोड़ दिया और उसमें रखे 5500 रुपए नकद तथा करीब डेढ़ तोला सोने के आभूषण लेकर फरार हो गया। चोरी हुए गहनों में एक तोले का सोने का बोरिया और आधे तोले की डिडि पलका शामिल बताए गए हैं।
रिपोर्ट में बताया गया है कि दोनों युवक स्प्लेंडर बाइक से मेहलावास टांका की तरफ कालीजाल-सिनली रोड की ओर भागे। दूसरे आरोपी की पहचान अभी नहीं हो पाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक मनोज कुमार को सौंपी है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.