जानकारी के अनुसार, हादसा शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे हुआ। ट्रॉला दौलतपुरा टोल से होते हुए अजमेर रोड की तरफ जा रहा था। इसी दौरान सर्विस लाइन पर ट्रॉले ने तीन चारपहिया और दो दोपहिया वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई।
हादसे के दौरान टू-व्हीलर ऑटो पार्ट्स की दुकान के सामने पैदल जा रहा एक युवक ट्रॉले के पहिए के नीचे आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कार में सवार एक व्यक्ति वाहन में बुरी तरह फंस गया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से उसे बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, लेकिन रास्ते में उसने भी दम तोड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रॉले ने पहले सर्विस लाइन पर खड़ी इको कार को टक्कर मारी। इसके बाद दुकान के फुटपाथ पर खड़ी एक्टिवा स्कूटी, वैगनआर और टाटा 407 को भी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे से पहले स्कॉर्पियो सवार और ट्रॉला चालक के बीच बहस हुई थी। बताया जा रहा है कि इसके बाद स्कॉर्पियो सवार ने पत्थर मारकर ट्रॉले को रोकने की कोशिश की थी। हालांकि, पुलिस ने इस दावे की अभी पुष्टि नहीं की है।
डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने बताया कि दौलतपुरा की तरफ से आ रहे ट्रॉले ने स्लिप लाइन पर तीन चारपहिया और दो दोपहिया वाहनों को टक्कर मारी। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर मौत हुई, जबकि दूसरे ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। तीन घायलों का इलाज जारी है, जिनमें ट्रॉला चालक भी शामिल है।
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया हादसे की वजह ट्रॉले की तेज रफ्तार सामने आई है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.