पुलिस के अनुसार, मानसरोवर निवासी 57 वर्षीय सुमित भार्गव फाइबर का व्यवसाय करते हैं। उन्होंने रिपोर्ट में बताया कि 10 नवंबर को शाम करीब 7:30 बजे परिवार घर से बाहर गया हुआ था। इसी दौरान बदमाश दीवार फांदकर मकान में घुस गए।
आरोपियों ने घर से पानी की मोटर और पाइप खोल लिए। इसके अलावा 3 एचपी की मशीन, करीब 25 हजार रुपए कीमत के बिजली वायर के बंडल और लगभग 70 हजार रुपए कीमत की फाइबर केबल टेस्टिंग टूल मशीन चोरी कर ली। बदमाश चोरी का सामान प्लास्टिक के कट्टों में भरकर ले गए।
पीड़ित सुमित भार्गव ने बताया कि रात करीब 11 बजे घर लौटने के बाद उन्हें कुछ संदिग्ध होने का शक हुआ। रात करीब 12:30 बजे जब वे दीपावली की लाइटिंग बंद करने छत पर पहुंचे तो वहां लोहे की रॉड पड़ी मिली। इससे उन्हें शक हुआ कि कोई व्यक्ति छत पर छिपा हो सकता है।
इसके बाद उन्होंने मकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें चोरी की पूरी घटना सामने आई।
सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, रात करीब 10:20 बजे बाइक पर सवार होकर तीन बदमाश मकान के पास पहुंचे। इसके बाद वे दीवार फांदकर अंदर घुसे। करीब एक घंटे तक मकान में चोरी करने के बाद रात 11:20 बजे प्लास्टिक के कट्टों में सामान भरकर बाहर निकलते दिखाई दिए।
पीड़ित की शिकायत पर मानसरोवर थाना पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.