राजस्थान कारागार विभाग की प्रहरी भर्ती परीक्षा-2024 में अंतिम रूप से चयनित अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। विभाग ने सफल अभ्यर्थियों के नियुक्ति आदेश जारी करने शुरू कर दिए हैं और अब भर्ती प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है।
महानिदेशक कारागार अशोक राठौर ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण और पुलिस चरित्र सत्यापन सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है, उन्हें नियुक्ति प्रक्रिया के तहत कार्यग्रहण करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
विभाग के अनुसार सभी पात्र अभ्यर्थियों को 12 अगस्त 2026 की सुबह अपने-अपने आवंटित कारागार या निर्धारित कार्यस्थल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर कार्यभार ग्रहण करना होगा। समय पर उपस्थित नहीं होने वाले अभ्यर्थियों को विभागीय नियमों का पालन करना होगा।
महानिदेशक अशोक राठौर ने सभी नव-चयनित प्रहरियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे समय की पाबंदी, अनुशासन और ईमानदारी के साथ राज्य सेवा की शुरुआत करें। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए प्रहरी राजस्थान की जेल सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
प्रहरी भर्ती-2024 के अभ्यर्थियों के लिए यह लंबे इंतजार के बाद राहत भरी खबर है, क्योंकि अब नियुक्ति प्रक्रिया पूरी होने के साथ वे जल्द ही राज्य सेवा का हिस्सा बनने जा रहे हैं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.