जयपुर, 8 अगस्त। राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने युवाओं से कृषि को सिर्फ पारंपरिक व्यवसाय के रूप में नहीं, बल्कि तकनीक, नवाचार और उद्यमिता से जोड़कर रोजगार और समृद्धि का माध्यम बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कृषि और इससे जुड़े व्यवसाय भारत की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और देश की आर्थिक एवं सामाजिक प्रगति में इनकी अहम भूमिका है।
राज्यपाल शनिवार को महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय से संबद्ध राजस्थान कृषि महाविद्यालय सभागार में एग्रीविजन के नॉर्थ वेस्ट जोन की द्वितीय कॉन्फ्रेंस के शुभारंभ समारोह को संबोधित कर रहे थे। दो दिवसीय सम्मेलन में कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में नवाचार, स्टार्टअप, अनुसंधान, प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन के जरिए युवाओं की भूमिका पर विशेषज्ञ मार्गदर्शन देंगे।
राज्यपाल ने कहा कि भारत की कृषि परंपरा बेहद समृद्ध रही है। भारतीय ज्ञान परंपरा में कृषि, प्रकृति, गणित और खगोल विज्ञान से जुड़े अनेक वैज्ञानिक ज्ञान मौजूद रहे हैं। उन्होंने युवाओं से अपनी इस विरासत को आधुनिक विज्ञान और तकनीक के साथ जोड़कर नए प्रयोग करने की अपील की।
उन्होंने महाराणा प्रताप के संघर्ष, स्वाभिमान और विपरीत परिस्थितियों में आत्मनिर्भरता के प्रयासों को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया। साथ ही उन्होंने नारी शक्ति का उल्लेख करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं के योगदान को रेखांकित किया।
कार्यक्रम में राज्यपाल ने एग्रीविजन की स्मारिका और महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की उपलब्धियों पर आधारित पुस्तिका का विमोचन किया। उन्होंने संत रविदास जी के जीवन एवं विचारों पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और भारत माता को नमन किया। इसके बाद ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.