सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के विशिष्ट सचिव एवं आयुक्त हिमांशु गुप्ता ने बताया कि बजट घोषणा 2025-26 के तहत ई-मित्र वॉट्सऐप के माध्यम से नागरिकों को 100 से अधिक सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसे पूरा कर लिया गया है। नागरिक वॉट्सऐप नंबर 9461062705 के माध्यम से इन सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं।
ई-मित्र वॉट्सऐप प्लेटफॉर्म पर राजस्व, गृह, जन आधार, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, डिस्कॉम, स्थानीय निकाय, शिक्षा, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता और पुलिस सहित विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इन सेवाओं को मुख्य रूप से ‘एप्लीकेशन’, ‘डाउनलोड’, ‘पेमेंट’ और ‘स्टेटस चेक’ चार श्रेणियों में विभाजित किया गया है।
नागरिक बोनाफाइड प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र, ईडब्ल्यूएस आय एवं परिसंपत्ति प्रमाण-पत्र तथा नए बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन जैसी सुविधाओं का लाभ ले सकते हैं। इसके अलावा बिजली संबंधी शिकायत दर्ज करने और पुलिस शिकायत जैसी सेवाएं भी उपलब्ध हैं।
‘डाउनलोड’ श्रेणी के तहत नागरिक जन आधार कार्ड, बोनाफाइड प्रमाण-पत्र, जमाबंदी, राशन कार्ड प्रमाण-पत्र, एनएफएसए प्रमाण-पत्र और बिजली बिल सहित विभिन्न दस्तावेज सीधे अपने मोबाइल फोन पर प्राप्त कर सकते हैं।
इनमें जन आधार कार्ड, बोनाफाइड प्रमाण-पत्र, जमाबंदी और राशन कार्ड प्रमाण-पत्र जैसी सेवाओं का नागरिकों द्वारा विशेष रूप से व्यापक उपयोग किया गया है।
‘पेमेंट’ श्रेणी में बिजली बिल भुगतान, पानी के बिल का भुगतान, बिजली विभाग की डिमांड का भुगतान और राजस्थान महिला निधि की ईएमआई पेमेंट जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
वहीं, ‘स्टेटस चेक’ श्रेणी में नागरिक ई-मित्र ट्रांजैक्शन, जॉब कार्ड, बिजली शिकायत तथा विभिन्न योजनाओं से संबंधित आवेदन और लाभ की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
वर्तमान में ई-मित्र वॉट्सऐप सेवा पर उपलब्ध 103 सरकारी सेवाओं में:
शामिल हैं।
इससे नागरिकों की विभिन्न सरकारी सेवा संबंधी जरूरतों को एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है।
ई-मित्र वॉट्सऐप सेवा का लाभ लेने के लिए सबसे पहले मोबाइल नंबर 9461062705 को अपने फोन में सेव करें। इसके बाद इस नंबर पर ‘Hi’, ‘Hello’, ‘eMitra’ या ‘Team’ जैसे सामान्य संदेश भेजकर सेवा शुरू की जा सकती है।
इसके बाद उपलब्ध सेवाओं की सूची में से अपनी आवश्यकता के अनुसार सेवा का चयन कर संबंधित सुविधा का लाभ लिया जा सकता है। यह सेवा हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में उपलब्ध है। नागरिक जिस भाषा का चयन करेंगे, आगे के विकल्प उसी भाषा में दिखाई देंगे।
ई-मित्र वॉट्सऐप सेवा के जरिए नागरिकों को विभिन्न सरकारी विभागों से संबंधित कार्यों के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता कम होगी। मोबाइल फोन के जरिए वॉट्सऐप पर सरल, सुरक्षित, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से सरकारी सेवाओं का लाभ लिया जा सकता है।
अब तक दर्ज 2.32 लाख से अधिक ट्रांजैक्शन इस बात का संकेत हैं कि नागरिक सरकारी सेवाओं के लिए वॉट्सऐप जैसे सहज और व्यापक डिजिटल माध्यम को तेजी से अपना रहे हैं।
इन सेवाओं को आगे ई-मित्र मोबाइल एप्लीकेशन और ई-मित्र कियोस्क पर भी एपीआई इंटीग्रेशन के माध्यम से उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग तथा संबंधित विभागों द्वारा संयुक्त रूप से काम किया जा रहा है।
इसका उद्देश्य नागरिकों को अलग-अलग माध्यमों पर एक समान, सुगम और सुविधाजनक सेवा अनुभव उपलब्ध कराना है।
राजस्थान सरकार का लक्ष्य ई-मित्र वॉट्सऐप सेवा के जरिए अधिक से अधिक सरकारी सेवाओं को एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराना है। आने वाले समय में विभिन्न विभागों की नई सेवाओं को चरणबद्ध तरीके से इस प्लेटफॉर्म से जोड़ा जाएगा, जिससे प्रदेश के नागरिकों को सुशासन और डिजिटल सेवाओं का अधिकतम लाभ घर बैठे मिल सके।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.