जयपुर: राजस्थान में नगर निकाय चुनाव के बीच चुनावी प्रचार के दौरान अलग-अलग तरह के विरोध प्रदर्शन देखने को मिल रहे हैं। हालांकि पहले चरण के मतदान वाले क्षेत्रों में सोमवार शाम 5 बजे चुनाव प्रचार थम चुका है। इसी बीच जयपुर के झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के खिलाफ कांग्रेस नेता अभिषेक चौधरी का अनोखा विरोध चर्चा में है।
अभिषेक चौधरी ने जयपुर के 200 फीट रोड पर ‘माफिया नाश्ता कॉर्नर’ नाम से एक स्टॉल लगाई। स्टॉल पर मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ की तस्वीर लगाई गई। इस अनूठे प्रदर्शन को देखने के लिए वहां से गुजर रहे लोग भी रुकते और इसे देखते नजर आए। प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर भी चर्चा में है।
कांग्रेस नेता अभिषेक चौधरी ने इस प्रदर्शन के जरिए मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के पुराने बयान को लेकर उन पर निशाना साधा।
चौधरी ने आरोप लगाया कि झोटवाड़ा की जनता ने राज्यवर्धन सिंह राठौड़ को अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद में चुना था, लेकिन उनके मुताबिक क्षेत्र की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया गया।
अभिषेक चौधरी ने राठौड़ के पुराने बयान का हवाला देते हुए कहा कि उन्होंने कभी कहा था कि “मैं माफिया को नाश्ते में खा जाऊंगा।” कांग्रेस नेता ने इसी बयान को आधार बनाकर ‘माफिया नाश्ता कॉर्नर’ नाम से विरोध प्रदर्शन किया।
चौधरी का आरोप है कि जिन माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई की बात कही गई थी, आज उन्हीं के साथ मिलीभगत की जा रही है। उन्होंने मंत्री पर क्षेत्र की जनता से किए गए वादों को पूरा नहीं करने का भी आरोप लगाया।
कांग्रेस नेता अभिषेक चौधरी जिस बयान को लेकर मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ पर निशाना साध रहे हैं, वह दिसंबर 2023 का बताया जा रहा है।
विधानसभा चुनाव जीतने के बाद एक जनसभा में राठौड़ ने माफिया को लेकर आक्रामक बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि “सभी माफिया कान खोलकर सुन लें...” और कानून की ताकत से उन्हें खत्म करने की बात कही थी।
अब निकाय चुनाव के बीच कांग्रेस नेता ने उसी पुराने बयान को लेकर ‘माफिया नाश्ता कॉर्नर’ के जरिए मंत्री के खिलाफ विरोध जताया है।
जयपुर में पहले चरण के निकाय चुनाव के लिए सोमवार शाम 5 बजे चुनाव प्रचार समाप्त हो चुका है। इसके बाद सार्वजनिक चुनावी प्रचार पर रोक लग गई है। ऐसे में झोटवाड़ा में सामने आया यह अनोखा प्रदर्शन राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
अब देखना होगा कि कांग्रेस के इस अनूठे विरोध पर मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ या बीजेपी की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.