कांग्रेस प्रत्याशी ने मुख्यमंत्री के घर पहुंचकर उनके पिता किशन स्वरूप शर्मा से शिष्टाचार मुलाकात की और कांग्रेस के पक्ष में मतदान की अपील की। इस पर मुख्यमंत्री के पिता ने मुस्कुराते हुए जवाब दिया, “मैं तो भाजपा का हूं।” इस पूरे वाकये की अब चुनावी गलियारों में खूब चर्चा हो रही है।
भरतपुर के वार्ड-41 में कांग्रेस प्रत्याशी बबीता शर्मा इन दिनों घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर रही हैं। इसी दौरान वह प्रचार करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निजी आवास पर भी पहुंच गईं।
घर पर मुख्यमंत्री के पिता किशन स्वरूप शर्मा मौजूद थे। बबीता शर्मा ने उनसे मुलाकात की और कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में वोट देने की अपील की। जवाब में किशन स्वरूप शर्मा ने साफ शब्दों में कहा कि वह भाजपा के समर्थक हैं।
बबीता शर्मा के मुताबिक, मुख्यमंत्री के आवास पर पहुंचने की यह उनकी पहली कोशिश नहीं थी। इससे पहले 6 सितंबर को भी वह चुनाव प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री के घर गई थीं, लेकिन उस समय वहां कोई मौजूद नहीं था।
इसके बाद मंगलवार को वह दोबारा वहां पहुंचीं। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से मुलाकात करने की इच्छा जताई, जिसके बाद उन्हें अंदर जाने की अनुमति दी गई और उन्होंने मुख्यमंत्री के पिता से मुलाकात की।
कांग्रेस प्रत्याशी बबीता शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में एक प्रत्याशी का अधिकार है कि वह हर मतदाता के घर जाकर अपने पक्ष में वोट मांगे। उनके मुताबिक, मुख्यमंत्री का घर भी उनके वार्ड में आता है, इसलिए वह वहां भी वोट मांगने पहुंचीं।
हालांकि, मुख्यमंत्री के पिता से उन्हें कांग्रेस के पक्ष में वोट का समर्थन नहीं मिला। उन्होंने मुस्कुराते हुए अपना राजनीतिक रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि वह भाजपा के हैं।
निकाय चुनाव के दौरान सामने आया यह वाकया अब स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है। एक तरफ कांग्रेस प्रत्याशी मुख्यमंत्री के घर तक पहुंचकर वोट मांगने को लोकतांत्रिक अधिकार बता रही हैं, वहीं मुख्यमंत्री के पिता का ‘मैं तो भाजपा का हूं’ वाला जवाब राजनीतिक रूप से सुर्खियां बटोर रहा है।
भरतपुर के वार्ड नंबर 41 में अब मुकाबला दिलचस्प होता जा रहा है और इस घटना ने चुनावी प्रचार के बीच राजनीतिक रंग और गहरा कर दिया है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.