राज्य के कई हिस्सों में आज से बारिश का नया दौर शुरू होने की संभावना है। खासतौर पर पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, जयपुर और कोटा संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 12 से 15 सितंबर के बीच बारिश की गतिविधियों में और बढ़ोतरी होने के आसार हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक 13 और 14 सितंबर को कोटा संभाग और आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। वहीं जयपुर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर और अजमेर संभाग के कुछ अन्य हिस्सों में भी बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग में 13 से 15 सितंबर के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, इस बार मानसून की विदाई पश्चिमी राजस्थान से होने की संभावना है।
नए लो-प्रेशर सिस्टम के प्रभाव से भरतपुर, जयपुर, अजमेर, कोटा और उदयपुर संभाग में बारिश की चेतावनी जारी की गई है। 12 और 13 सितंबर को भी प्रदेश के कई इलाकों में बारिश का अलर्ट रहेगा।
बारिश की संभावना के बीच दिन में तेज धूप के कारण गर्मी का असर भी बना हुआ है। प्रदेश के 8 शहरों में अधिकतम तापमान 38 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया, जबकि 10 शहरों में तापमान 35 डिग्री के पार रहा।
श्रीगंगानगर में सबसे अधिक 39.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। हालांकि सुबह और शाम चल रही हवाओं के कारण लोगों को कुछ राहत मिल रही है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.