मामला पत्रकार कॉलोनी थाना क्षेत्र का है। महापुरा निवासी विनायक शर्मा ने इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी है। घटना 13 नवंबर की बताई जा रही है।
पीड़ित विनायक शर्मा के अनुसार वह इवेंट मैनेजमेंट का काम करता है। 13 नवंबर को उसे इवेंट के सिलसिले में क्लाइंट मीटिंग के लिए हयात होटल के पास अकेले बुलाया गया था। वह अपने एक दोस्त के साथ मौके पर पहुंचा, जहां स्कॉर्पियो में दो युवक मिले।
शिकायत के मुताबिक, कुछ दूरी आगे एक गली में स्कॉर्पियो रोक दी गई। इसी दौरान वहां एक दूसरी वेन्यू कार पहुंची। उसमें से एडी मारकर्स डांस कंपनी का अभिमन्यु और उसका साथी सोनू उतरकर विनायक के पास आकर बैठ गए। आरोप है कि इस दौरान उसके दोस्त को दूसरी वेन्यू कार में बैठा दिया गया।
विनायक का आरोप है कि आरोपियों ने उसका मोबाइल छीन लिया और फोन से दूसरे लोगों से बातचीत की। इसके अलावा उसके मोबाइल से कई लोगों को आपत्तिजनक मैसेज भी भेजे गए। पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसके फोन से निजी तस्वीरें भी निकाली गईं।
शिकायत में विनायक ने आरोप लगाया कि उसे दबाव में लेकर एक वीडियो बनवाया गया, जिसमें उससे गलत बातें कहलवाई गईं। आरोपियों ने उसे और उसके परिवार को मारपीट करने तथा गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।
पीड़ित के अनुसार, दोनों गाड़ियों में कुल छह लोग मौजूद थे, जिनमें आरोपियों के रिश्तेदार भी शामिल थे। आरोपियों के चंगुल से छूटने के बाद उसने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर आशंका जताई।
विनायक शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि भविष्य में उसे या उसके परिवार को कोई नुकसान होता है तो इसके लिए अभिमन्यु, उसके परिवार और वारदात में शामिल अन्य लोग जिम्मेदार होंगे।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पत्रकार कॉलोनी थानाधिकारी कविता ने एएसआई रामधन को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। फिलहाल शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आरोपों की पुष्टि जांच और पुलिस कार्रवाई के बाद ही हो सकेगी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.