कैप्टन डॉ. हनुमानराम बैंदा 8वीं बिहार रेजिमेंट में मेडिकल ऑफिसर के पद पर तैनात थे। महज 29 साल की उम्र में उन्होंने देशसेवा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनके परिवार में बेटे की वापसी को लेकर खुशियां थीं। घर में सगाई की तैयारियां चल रही थीं और परिजन उनके आने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन अचानक आई शहादत की खबर ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया।
कैप्टन हनुमानराम ने अपनी मां से वादा किया था कि वह 15 दिन के भीतर घर लौट आएंगे। मां को बेटे के आने का बेसब्री से इंतजार था। परिवार को उम्मीद थी कि जल्द ही घर में खुशियों का माहौल होगा और सगाई की रस्में पूरी होंगी। लेकिन किसे पता था कि मां का बेटा अब तिरंगे में लिपटकर घर लौटेगा। जिस घर में शहनाइयां गूंजने की तैयारी थी, वहां अब चीख-पुकार और मातम पसरा हुआ है।
मणिपुर में सेना के वाहन के इटम नदी में गिरने के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। हादसे में कैप्टन हनुमानराम बैंदा और सिपाही माली जयेश हिम्मत गंभीर रूप से प्रभावित हुए। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उन्हें बचाया नहीं जा सका। इसके बाद दोनों जवानों के पार्थिव शरीर विशेष विमान से देर शाम फलोदी एयरफोर्स स्टेशन लाए गए।
कैप्टन हनुमानराम बैंदा का पार्थिव शरीर जोधपुर जिले की आऊ तहसील स्थित उनके गांव सुवाप पहुंचा। यहां आज सुबह 11 बजे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई देने के लिए गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
कैप्टन हनुमानराम बैंदा की शहादत ने पूरे राजस्थान को गमगीन कर दिया है। मां से किया गया 15 दिन में लौटने का वादा अधूरा रह गया, लेकिन देश के लिए दिया गया उनका सर्वोच्च बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.