जानकारी के अनुसार, सोनी टावर के डायरेक्टर विवेक सोनी की बर्थडे पार्टी ज्वाला रिसोर्ट में आयोजित की गई थी। पार्टी के दौरान रसोई में गैस लाइन में अचानक आग लग गई। रिसोर्ट कर्मचारियों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग ने गैस सिलेंडर को अपनी चपेट में ले लिया। कुछ ही देर में सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी, जिसके बाद पार्टी में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और सभी अपनी जान बचाकर बाहर की ओर भागे।
बताया जा रहा है कि रिसोर्ट में कुल चार गैस सिलेंडर रखे हुए थे, जिनमें से दो सिलेंडर फट चुके हैं, जबकि दो सिलेंडर अभी भी अंदर बताए जा रहे हैं। इस स्थिति को देखते हुए मौके पर मौजूद लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की हिदायत दी गई।
सूचना मिलने पर नगर निगम की दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। नगर निगम आयुक्त श्रवण कुमार बिश्नोई भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की। उन्होंने बताया कि गैस लाइन में आग लगने के दौरान सिलेंडर फटा, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई।
वहीं, प्रत्यक्षदर्शियों ने दमकल वाहनों के करीब 30 मिनट देरी से पहुंचने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि यदि दमकल समय पर पहुंच जाती तो आग से होने वाले नुकसान को कम किया जा सकता था।
फिलहाल दमकलकर्मी आग पर काबू पाने में जुटे हुए हैं। अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर मौजूद हैं। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.