पुलिस के अनुसार, जयपुर निवासी युवक ने अपनी शिकायत में बताया कि करीब छह महीने पहले वह अपने दोस्त के साथ खातीपुरा रेलवे स्टेशन गया था। वहां उसकी मुलाकात भरतपुर निवासी युवती से हुई थी। बातचीत के दौरान युवती ने दोनों दोस्तों के मोबाइल नंबर ले लिए। इसके बाद वॉट्सऐप पर चैटिंग और बातचीत होने लगी।
पीड़ित के अनुसार, युवती लगातार उससे मिलने और बातचीत करने का प्रयास करने लगी। हालांकि, जयपुर से बाहर होने के कारण उस समय मुलाकात नहीं हो सकी।
आरोप है कि 4 नवंबर को युवती ने दोनों दोस्तों को वॉट्सऐप कॉल किया। उसने बताया कि उसके पास रुकने की जगह नहीं है और उसके सभी दोस्त जयपुर से जा चुके हैं। होटल में रुकने की सलाह देने पर युवती ने मना कर दिया।
इसके बाद दोनों दोस्तों ने अपने एक परिचित के फ्लैट पर उसके रुकने की व्यवस्था करवाई। पीड़ित का आरोप है कि रात को खाना खिलाकर फ्लैट पर छोड़ने के दौरान युवती ने डर लगने की बात कही और उसे रुकने के लिए मजबूर किया।
युवक ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि फ्लैट पर रुकने के दौरान युवती ने उस पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया। उसने शादी नहीं करने और दोस्त बनकर रहने की बात कहकर उसे उलझाया। इसके बाद दोनों के बीच सहमति से शारीरिक संबंध बने।
पीड़ित के अनुसार, 5 नवंबर की सुबह करीब 8:30 बजे उसने अपने दोस्त को गाड़ी लेकर बुलाया और युवती को बस में बैठा दिया।
पीड़ित का आरोप है कि उसी दिन दोपहर करीब 3 बजे युवती के परिजन बताने वाले तीन लोग उसके दोस्त के घर पहुंचे। इनमें युवती के पिता, मौसी और बहन शामिल थे। उन्होंने कथित तौर पर समझौते के नाम पर रुपए देने का दबाव बनाया और ऐसा नहीं करने पर रेप केस दर्ज करवाने की धमकी दी।
युवक के अनुसार, युवती ने भी रेप केस में फंसाने की धमकी देकर 10 लाख रुपए की मांग की। आरोप है कि वॉट्सऐप पर मेडिकल रिपोर्ट भेजकर उसे हनीट्रैप में फंसाने की धमकी दी गई।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि युवती और उसके कथित परिजनों ने डराकर दोनों दोस्तों से ऑनलाइन एक लाख रुपए ट्रांसफर करवा लिए। इसके बाद बाकी बचे नौ लाख रुपए देने का दबाव बनाया जाने लगा।
लगातार मिल रही धमकियों और ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर युवक ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने युवती और उसके कथित परिजनों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.