जोधपुर। जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट के पूर्व और पश्चिम जिलों में बीते 24 घंटों के दौरान कई मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें शराब ठेके पर धमकी देने और आग लगाने की कोशिश, AI के जरिए अश्लील तस्वीरें बनाने की शिकायत, ऑनलाइन ठगी, गुमशुदगी और अन्य अपराध शामिल हैं। पुलिस ने संबंधित मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रतापनगर थाना क्षेत्र के चूंगी नाका सूंथला स्थित शराब ठेके पर शराब नहीं देने को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। ठेके के सेल्समैन महेंद्र की रिपोर्ट के अनुसार, 24 नवंबर की रात करीब 8 बजे के बाद कुछ युवक ऑफिस में घुसे और पिस्टल दिखाकर शराब की पेटी मांगी। इनकार करने पर आरोपियों ने ठेके के शटर पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भगत की कोठी थाने में एक ठेकेदार ने शिकायत दी है कि आरोपी ने उनकी तस्वीर के साथ छेड़छाड़ कर AI की मदद से अश्लील तस्वीरें बनाई। शिकायत के मुताबिक, तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल कर छवि खराब करने और धमकाने का प्रयास किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
सरदारपुरा थाना क्षेत्र में बी रोड निवासी एक व्यक्ति ने ऑनलाइन बुकिंग के दौरान ठगी की शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि मेंबरशिप एक्टिव नहीं होने का बहाना बनाकर अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए रकम ली गई और वापस नहीं लौटाई गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्रतापनगर सदर थाने में 19 वर्षीय युवती के नौकरी पर जाने के बाद घर नहीं लौटने की रिपोर्ट दर्ज हुई है। राजीव गांधी नगर थाने में 20 वर्षीय विवाहिता के बिना बताए घर से जाने और सूरसागर थाने में एक महिला के पांच वर्षीय बेटी के साथ लापता होने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने संबंधित शिकायतों पर जांच शुरू कर दी है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.