मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने शुक्रवार को शासन सचिवालय में भव्य योजना के तहत गठित राज्य स्तरीय समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए दोनों औद्योगिक पार्कों की आर्थिक व्यवहार्यता का समुचित आकलन करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विकास संबंधी प्रस्ताव 30 नवंबर तक केंद्र सरकार को भेजने को कहा।
बैठक में राजस्थान राज्य औद्योगिक विकास एवं निवेश निगम (रीको) की ओर से दो नए औद्योगिक पार्क विकसित करने के प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए।
प्रस्ताव के अनुसार, बूंदी जिले में लाखेरी के समीप खरायता में 370.05 एकड़ क्षेत्र में औद्योगिक पार्क विकसित किया जाएगा। इस परियोजना की अनुमानित लागत 468.49 करोड़ रुपये रखी गई है।
वहीं, बालोतरा जिले में पचपदरा रिफाइनरी के समीप बोरावास-कलावा के द्वितीय चरण में 311.28 एकड़ क्षेत्र में औद्योगिक पार्क विकसित करने का प्रस्ताव है। इस परियोजना पर 434.15 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत आएगी।
रीको के प्रबंध निदेशक सुरेश कुमार ओला ने बताया कि प्रस्तावित औद्योगिक पार्कों में उद्यमियों को उद्योग स्थापित करने के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की योजना है।
इनमें सड़क, बिजली, पानी और भंडारण जैसी सुविधाएं शामिल होंगी। इसके अलावा, ‘प्लग एंड प्ले’ व्यवस्था के तहत उद्योग शुरू करने के लिए तैयार आधारभूत ढांचा उपलब्ध कराया जाएगा।
औद्योगिक पार्कों में श्रमिकों के लिए आवास और हरित क्षेत्र विकसित करने का भी प्रस्ताव है। इससे उद्यमियों को उद्योग स्थापित करने में आसानी होगी और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित हो सकेंगे।
केंद्र सरकार के उद्योग संवर्धन एवं आंतरिक व्यापार विभाग (डीपीआईआईटी) की भव्य योजना के तहत देशभर में 100 आधुनिक औद्योगिक पार्क विकसित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
योजना के अंतर्गत राज्य सरकार या अधिकृत संस्था द्वारा विकसित किए जाने वाले औद्योगिक पार्कों के लिए प्रति एकड़ अधिकतम एक करोड़ रुपये तक की वित्तीय सहायता का प्रावधान है। चयनित औद्योगिक पार्कों को अंतिम स्वीकृति मिलने के बाद दो वर्ष की अवधि में विकसित किया जाना है।
बैठक में वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव आनंद कुमार, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव प्रवीण गुप्ता, उद्योग एवं वाणिज्य तथा राजस्व एवं उपनिवेशन विभागों के प्रमुख शासन सचिव टी. रविकांत और जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के प्रमुख शासन सचिव हेमंत कुमार गेरा सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
राज्य सरकार की इस पहल से बूंदी और बालोतरा में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ निवेश आकर्षित करने और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर विकसित करने की उम्मीद है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.