नगर निगम जयपुर के हवामहल जोन कार्यालय के रिकॉर्ड रूम में 27 नवंबर ( शुक्रवार) को लगी आग के बाद निगम प्रशासन एक्टिव मोड में आ गया है। मेयर सुनील कोठारी ने आग लगने के कारणों की जांच के लिए विशेष कमेटी गठित करने और नगर निगम के सभी पुराने दस्तावेजों को ऑनलाइन सुरक्षित रखने का फैसला किया है। कमेटी 7 दिन में जांच पूरी कर रिपोर्ट पेश करेगी। वहीं, भविष्य में किसी भी घटना के कारण महत्वपूर्ण दस्तावेज नष्ट न हों, इसके लिए सभी जोन कार्यालयों के रिकॉर्ड डिजिटल किए जाएंगे।
मेयर सुनील कोठारी ने कहा कि हवामहल जोन में आग लगना दुखद घटना है। रिकॉर्ड रूम में कई महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे। ऐसे में पूरे मामले की गंभीरता से जांच कराई जाएगी। इसके लिए विशेष कमेटी का गठन किया जाएगा, जिसमें उपायुक्त स्तर का अधिकारी भी शामिल रहेगा। कमेटी आग लगने के कारणों, रिकॉर्ड रूम में रखे दस्तावेजों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच करेगी।
7 दिन में रिपोर्ट, दोषी मिले तो सख्त कार्रवाई
मेयर ने बताया कि जांच कमेटी को अगले 7 दिनों में रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए जाएंगे। जांच में अगर किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। निगम प्रशासन यह भी पता लगाएगा कि रिकॉर्ड रूम में दस्तावेजों की सुरक्षा के लिए क्या व्यवस्था थी और आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे या नहीं।

नगर निगम के सभी जोन कार्यालयों में रखे पुराने दस्तावेज डिजिटल किए जाएंगे।
सभी जोन के पुराने रिकॉर्ड होंगे डिजिटल
हवामहल जोन की घटना के बाद नगर निगम ने सभी जोन कार्यालयों में रखे पुराने दस्तावेजों को ऑनलाइन अपलोड करने का फैसला किया है। निगम के पुराने रिकॉर्ड और फाइलों को डिजिटल रूप में सुरक्षित रखा जाएगा, ताकि आग या किसी अन्य दुर्घटना में मूल दस्तावेज नष्ट होने के बावजूद उनकी जानकारी उपलब्ध रहे।
कोठारी ने बताया कि नगर निगम के सभी जोन कार्यालयों के रिकॉर्ड को ऑनलाइन सुरक्षित रखने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। अगले कुछ महीनों में पुराने रिकॉर्ड और फाइलों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपलोड करने का लक्ष्य रखा गया है।
अधिकारियों-कर्मचारियों को भी मिलेगी सुविधा
दस्तावेजों को ऑनलाइन करने से नगर निगम के कामकाज में भी तेजी आएगी। फिलहाल किसी पुराने रिकॉर्ड की जरूरत होने पर अधिकारी या कर्मचारी को संबंधित जोन कार्यालय जाकर फाइल तलाशनी पड़ती है। डिजिटल रिकॉर्ड उपलब्ध होने के बाद संबंधित दस्तावेज कुछ ही मिनटों में ऑनलाइन हासिल किए जा सकेंगे।
इससे न केवल रिकॉर्ड सुरक्षित रहेंगे, बल्कि फाइलों की तलाश और अलग - अलग विभागों के बीच समन्वय में लगने वाला समय भी कम होगा। ऐसे में रिकॉर्ड को डिजिटल करने से कामकाज अधिक सरल, पारदर्शी और व्यवस्थित हो सकेगा।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.