जयपुर। राजधानी जयपुर के सवाई मान सिंह (SMS) अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक एवं मेडिकल ज्यूरिस्ट विभाग के विभागाध्यक्ष (HOD) डॉ. नंद लाल डिसानिया का निधन हो गया। पारिवारिक जानकारी के अनुसार घटना के समय घर के अन्य सदस्य एक शादी समारोह में गए हुए थे। देर रात लौटने पर उन्हें अचेत अवस्था में पाया गया। परिजन तत्काल उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पार्थिव शरीर को पोस्टमार्टम के लिए एसएमएस अस्पताल की मॉर्च्युरी भेजा गया।
डॉ. डिसानिया एसएमएस मेडिकल कॉलेज में लगभग 30 वर्षों से सेवाएं दे रहे थे और फोरेंसिक मेडिसिन के क्षेत्र में उनकी पहचान एक अनुभवी और प्रतिष्ठित विशेषज्ञ के रूप में थी। करीब दो माह पहले ही उनकी मौजूदगी में एसएमएस अस्पताल में अत्याधुनिक फोरेंसिक लैब का उद्घाटन किया गया था। उनके निधन से चिकित्सा जगत में शोक की लहर है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आत्महत्या के कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है। कुछ रिपोर्टों में परिवार से जुड़े पुराने आर्थिक धोखाधड़ी के मामले के बाद उनके मानसिक तनाव में रहने की बात सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. दीपक महेश्वरी ने उन्हें मिलनसार, हंसमुख और अपने कार्य के प्रति पूरी तरह समर्पित चिकित्सक बताते हुए गहरा दुख व्यक्त किया। उनके परिवार में पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा हैं।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.