जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने जयपुर नगर निगम के हवामहल-आमेर जोन में बड़ी कार्रवाई करते हुए पट्टा/लीज शाखा के कार्यालय जमादार रामसिंह यादव को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी परिवादी के पिता के नाम मकान का पट्टा जारी करने की एवज में 2 लाख रुपये की रिश्वत मांग रहा था।
एसीबी महानिदेशक गोविंद गुप्ता ने बताया कि एसीबी चौकी, जयपुर नगर तृतीय को शिकायत मिली थी कि हवामहल-आमेर जोन की पट्टा/लीज शाखा में कार्यरत जमादार रामसिंह यादव पट्टा जारी करने के बदले रिश्वत की मांग कर रहा है। शिकायत के सत्यापन के दौरान रिश्वत मांगने के तथ्य सही पाए गए।
इसके बाद एसीबी उप महानिरीक्षक ओमप्रकाश मीणा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश नवल के नेतृत्व में विशेष ट्रैप टीम का गठन किया गया। गुरुवार को एसीबी टीम ने जाल बिछाकर आरोपी रामसिंह यादव को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी रामसिंह यादव (28) मूल रूप से सीकर जिले के श्रीमाधोपुर तहसील के किशोरपुरा गांव का निवासी है और वर्तमान में नगर निगम जयपुर के हवामहल-आमेर जोन की पट्टा/लीज शाखा में कार्यरत है।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक एस. परिमला के सुपरविजन में आरोपी से पूछताछ जारी है। एसीबी ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.