जयपुर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को राजस्थान के बालोतरा स्थित पचपदरा से एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी को राष्ट्र को समर्पित किया। इसी कार्यक्रम के दौरान उन्होंने वर्चुअल माध्यम से जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना की आधारशिला भी रखी। प्रदेशभर में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया, जबकि जयपुर के सवाई मानसिंह (एसएमएस) इंडोर स्टेडियम में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से हजारों लोगों ने इसे लाइव देखा।
कार्यक्रम में राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा, जयपुर सांसद मंजू शर्मा, विधायक गोपाल शर्मा, विधायक कालीचरण सर्राफ सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान विभिन्न विभागों में चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए।
राज्य सरकार की ओर से प्रदेशभर में करीब 53 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। इनमें जयपुर जिले के 5,664 युवाओं को सरकारी सेवा में नियुक्ति का अवसर मिला। कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वसुंधरा राजे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह राजस्थान के लिए ऐतिहासिक दिन है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2016 में प्रधानमंत्री मोदी ने बाड़मेर में रिफाइनरी परियोजना का शिलान्यास किया था और आज उसी परियोजना को राष्ट्र को समर्पित किया गया है।
राजे ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जो संकल्प लेते हैं, उसे पूरा भी करते हैं।" उन्होंने कहा कि जयपुर मेट्रो फेज-2 का निर्माण राजधानी की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को नई दिशा देगा और लंबे समय से प्रतीक्षित यह परियोजना अब धरातल पर उतर रही है।
उन्होंने बताया कि लगभग 13,037 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 41 किलोमीटर लंबी जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना से शहर की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और लाखों लोगों को तेज, सुरक्षित एवं सुविधाजनक परिवहन मिलेगा। उन्होंने कहा कि रिफाइनरी, मेट्रो और एयरपोर्ट जैसी परियोजनाएं केवल आधारभूत ढांचे का विस्तार नहीं, बल्कि रोजगार, निवेश और आर्थिक विकास को भी नई गति देंगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जब वे गुजरात के मुख्यमंत्री थे और वसुंधरा राजे राजस्थान की मुख्यमंत्री थीं, तब दोनों राज्यों ने आपसी सहयोग और बिना किसी विवाद के नर्मदा जल साझेदारी का समाधान निकाला। प्रधानमंत्री ने इसे सहकारी संघवाद का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
जैसे ही प्रधानमंत्री ने वसुंधरा राजे का नाम लिया, जयपुर के एसएमएस इंडोर स्टेडियम में मौजूद लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किया।
पचपदरा रिफाइनरी के राष्ट्र समर्पण कार्यक्रम का सीधा प्रसारण प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों, नगर निकायों और जिला मुख्यालयों में एलईडी स्क्रीन और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया, ताकि अधिक से अधिक लोग इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बन सकें।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.