जोधपुर। प्रधानमंत्री Narendra Modi ने शनिवार को जोधपुर एयरपोर्ट पहुंचकर नए अत्याधुनिक टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्रीय संपर्क योजना उड़ान (UDAN) के दूसरे चरण की भी शुरुआत की।
इसके बाद प्रधानमंत्री बालोतरा के लिए रवाना हुए, जहां वे लगभग 1.06 लाख करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण, उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इस दौरान वे एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
करीब 480 करोड़ रुपये की लागत से तैयार नया टर्मिनल भवन लगभग 37 एकड़ क्षेत्र में विकसित किया गया है। यह मौजूदा टर्मिनल की तुलना में करीब 6 गुना बड़ा है और इसकी यात्री क्षमता लगभग 10 गुना तक बढ़ जाएगी। नए टर्मिनल में यात्रियों की सुविधा के लिए 6 एयरोब्रिज बनाए गए हैं।
टर्मिनल भवन में राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत को भी विशेष स्थान दिया गया है। यहां पर्यावरण संरक्षण के लिए बलिदान देने वाली अमृता देवी और वीर दुर्गादास राठौड़ से जुड़ी कलाकृतियां स्थापित की गई हैं, जो प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को प्रदर्शित करती हैं।
कार्यक्रम में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.