अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य तनाव का असर बुधवार को भारतीय शेयर बाजार पर भी साफ दिखाई दिया। वैश्विक अनिश्चितता और कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल के चलते निवेशकों में घबराहट का माहौल रहा, जिससे बाजार में भारी बिकवाली देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 364 अंकों की गिरावट के साथ खुला और सुबह करीब 9:26 बजे तक 523 अंक यानी 0.67 प्रतिशत टूटकर 77,655 के स्तर पर कारोबार करता दिखाई दिया। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी भी 161 अंक यानी 0.66 प्रतिशत फिसलकर 24,236 के स्तर पर पहुंच गया।
सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 24 शेयर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि केवल 6 शेयरों में बढ़त दर्ज की गई। सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो सबसे अधिक दबाव ऑटो, ऑयल एंड गैस, पीएसयू बैंक और एफएमसीजी सेक्टर पर देखने को मिला। निफ्टी ऑटो 1.32 प्रतिशत, ऑयल एंड गैस 1.73 प्रतिशत, पीएसयू बैंक 1.24 प्रतिशत और एफएमसीजी 1.08 प्रतिशत तक टूट गए। हालांकि फार्मा, हेल्थकेयर और आईटी शेयरों में सीमित खरीदारी देखने को मिली।
बाजार में गिरावट की मुख्य वजह अमेरिका द्वारा ईरान के खिलाफ सैन्य कार्रवाई और होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास बढ़ा तनाव माना जा रहा है। रिपोर्टों के अनुसार दक्षिणी ईरान में कई धमाकों की आवाजें सुनी गई हैं, जिससे वैश्विक बाजारों में चिंता बढ़ गई है। इस बीच ब्रेंट क्रूड की कीमत भी करीब 2.67 प्रतिशत बढ़कर 76.14 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गई। बढ़ती भू-राजनीतिक अनिश्चितता और महंगे कच्चे तेल की आशंका के चलते निवेशकों ने मुनाफावसूली शुरू कर दी, जिसका सीधा असर भारतीय शेयर बाजार पर देखने को मिला।
All Rights Reserved & Copyright © 2015 By HP NEWS. Powered by Ui Systems Pvt. Ltd.